कनेक्शन काटने पर भड़के ग्रामीणों ने बिजली विभाग की टीम के साथ जमकर अभद्रता की। गुस्साए ग्रामीणों ने टीम द्वारा जब्त किए गए केबल भी छीन लिए। जेई ने मामले में तीन नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
गढ़ कोतवाली के फुलड़ी गांव में बुधवार को जेई महेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में बिजली संविदाकर्मी सुभाष चंद शर्मा, तेजपाल सिंह, प्रवीन कुमार, ओमवीर सिंह और मांगेराम पहुंचे। टीम ने अवैध कनेक्शन काटकर उनके केबल कब्जे में ले लिए।
इसके बाद टीम गांव में कैंप लगाकर नए कनेक्शन देने के साथ ही बकाएदारों से वसूली कर रही थी। इसी दौरान करीब 60-70 ग्रामीणों ने बिजली कर्मियों को घेर लिया और जमकर अभद्रता की। गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली कर्मियों से काटे गए केबल भी छीन लिए।
जेई महेश चंद्र शर्मा ने माजिद, जावेद, मुकर्रम, फरियाद के खिलाफ नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर समरजीत सिंह ने बताया कि जांच के लिए गांव में पुलिस टीम भेजी गई है। टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।