दीपावली नजदीक आते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को पटाखों की दुकानों और गोदामों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने बुलंदशहर रोड पर पटाखों की एक अवैध फैक्ट्री को सील कर मालिक को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं अधिकारियों ने गोदाम और दुकानों में रखे स्टाक व सुरक्षा प्रबंधों की जांच भी की। इस दौरान टीम ने 15 दुकानों और गोदामों की जांच की। शुक्रवार सुबह एसडीएम मीनू राणा के नेतृत्व में टीम पटाखों की दुकानों और गोदामों पर छापेमारी के लिए निकली।
टीम पहले मेरठ रोड पर एक नामचीन पटाखे की दुकान पर पहुंची। जहां अधिकारियों ने लाइसेंस और स्टाक की जांच की। इसके बाद टीम मोदीनगर रोड, बुलंदशहर रोड पर गोदामों और दुकानों पर पहुंची।
टीम ने बुलंदशहर रोड पर अवैध रुप से चल रही केसर अहमद की पटाखा फैक्ट्री पर पहुंचकर लाइसेंस मांगा तो लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी थी। टीम ने मालिक केसर अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
छापामार कार्रवाई की सूचना से फैक्ट्री और दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। टीम में सीओ विशाल यादव, सीएफओ अनिमेष सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
उधर, सीओ विशाल यादव ने बताया कि छापेमारी में एक फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।