बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं में तरह-तरह की दिलचस्प कहानियां लिखी मिल रही हैं। एक छात्र ने तो अपनी प्रेम कहानी लिखकर पास करने की गुहार लगाई है। परीक्षा कक्ष में शिक्षक ऐसे किस्सों को पढ़कर आनंद ले रहे हैं।
एक परिक्षार्थी ने तो अपनी प्रेमिका को बेवफा बताते हुए दिल टूटने की बात कहकर परीक्षा की तैयारी न होने की बात लिखी है। केवल इतना ही नहीं, सिरफिरे ने दिल का चिन्ह बनाकर उसमें प्रेमिका का नाम तक लिखा है।
छात्र ने लिखा है कि गुरुजी, मुझे प्यार में धोखा मिला। मैं एक लड़की को प्यार करता था, वह भी मुझसे प्यार करती थी। उसके परिजनों को मैं पसंद नहीं था। पहले तो वह मेरे साथ जीने मरने की कसमें खाती थी, लेकिन बाद में वह परिजनों की हां में हां मिलाने लगी।
मुझे प्यार में धोखा मिला है। अब मैं टूट चुका हूं। जब मेरे साथ ऐसा होगा तो मैं पेपर की तैयारी कैसे कर पाऊंगा। सोमवार दोपहर मारवाड़ इंटर कालेज में बोर्ड मूल्यांकन के दौरान कापी में सवालों की जगह प्रेमगाथा देख परीक्षक भी दंग रह गए।
छात्र ने आगे लिखा है कि मैंने हाईस्कूल में सर्वाधिक 73 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया था। अब मैं प्रण कर चुका हूं किसी से प्यार नहीं करूंगा। अब मुझे पास करना या फेल करना आपके हाथ में है।
केंद्र प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि एक छात्र ने कापी पर प्यार भरी बातें लिखी हैं। जिसके संबंध में परीक्षक ने उन्हें अवगत कराया है। उच्चाधिकारियों को भी बताया जा चुका है।