गढ़मुक्तेश्वर। मोहल्ला आदर्श नगर निवासी महिला को उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो पति ने उसके पेट में लात मार दी, जिसके बाद उसका गर्भपात हो गया। वहीं, ससुराल पक्ष पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला निवासी रिजवाना ने कोतवाली में दी तहरीर में उल्लेख किया है कि उसका निकाह जनपद बुलंदशहर के औरंगाबाद निवासी आस मोहम्मद के साथ हुआ। निकाह के बाद से ही पति समेत ससुराल पक्ष के लोग उसका उत्पीड़न करने लगे। बताया कि उसके पति ने उससे अतिरिक्त दहेज की मांग की। उसने मना किया तो पति ने पिटाई शुरू कर दी। उसके पति ने उसके पेट में लात मार दी, जिसके कारण उसका गर्भपात हो गया। वहीं, पति ने उसको तीन तलाक दे दिया, जबकि ससुराल पक्ष के लोगों ने भी उसको पीटकर घर से निकाल दिया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि कि तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।