पिलखुवा। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। सफाई नायक रामकुमार को बहाल करने को लेकर विधायक और सभासदों में जमकर नोकझाेंक हुई। बैठक के दौरान नगर विकास से जुड़े कुल दस प्रस्ताव रखे गए। पालिकाध्यक्ष विभू बंसल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में क्षेत्रीय विधायक धर्मेश सिंह तोमर सहित कुल 23 सभासद उपस्थित रहे।
सफाई नायक रामकुमार को एक वर्ष पूर्व कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में सफाई नायक के पद से हटाकर दूसरे वार्ड में लगा दिया था। बैठक में हुए मतदान में 13 सभासदों ने बहाली के पक्ष में और नौ ने विरोध में मत दिया। इस पर विधायक पक्ष की जीत हुई और सफाई नायक को पुनः बहाल कर दिया गया। इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कुछ सभासदों और विधायक के बीच पहले हुई बोर्ड बैठक में रखे प्रस्ताव पर तीखी बहस हुई, इससे माहौल गर्म हो गया और बैठक को समाप्त करना पड़ा। विरोधी सभासद नाराज होकर बैठक से बाहर चले गए।
विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने कहा कि सफाई नायक रामकुमार ईमानदार और मेहनती कर्मचारी हैं। नगर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए उनका बहाल रहना जरूरी था। उन्होंने कहा कि शहर में अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है, जिसे रोकना आवश्यक है। नगर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार करें ताकि शासन से आवश्यक बजट स्वीकृत कराया जा सके। बैठक में भारत सरकार के विकसित भारत संकल्प विजन 2047 को साकार करने के लिए सम्मेलन और जनजागरण अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा पावरलूम और विद्युत चालित उद्योगों पर लाइसेंस शुल्क 100 रुपए से घटाकर 30 रुपए प्रति हॉर्सपावर प्रतिवर्ष कर दिया गया, इससे छोटे उद्योगों को राहत मिलेगी। मुख्य प्रस्तावों में संतोकड़ी क्षेत्र में अमृत सरोवर और दुकान निर्माण, दहपा रोड स्थित गोशाला का स्थानांतरण कर वहां दुकान का निर्माण, गांधी रोड कांजी हाउस परिसर में गो आश्रय स्थल व पुस्तकालय की स्थापना, वाहन डिपो के लिए भूमि चयन, सभी सरकारी संपत्तियों पर रेडीमेड दीवार निर्माण, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण उपविधि निर्माण, खेड़ा मार्ग पर सड़क किनारे दुकान निर्माण और पार्कों व मार्गों के नामकरण जैसे प्रस्ताव शामिल रहे। सभी प्रस्तावों को बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
पालिकाध्यक्ष विभू बंसल ने कहा कि सभी प्रस्ताव नगर के विकास और जनता के हित में पारित किए गए हैं। सफाई नायक रामकुमार का मामला संवेदनशील था, लेकिन सभासदों और विधायक के विचारों के आधार पर निर्णय लिया गया। अब नगर के विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ेंगे।