अंतिम दिन यूनिवर्सिटी की वेबसाइट ठप होने से दूसरी कट ऑफ लिस्ट में शामिल सैकड़ों स्टूडेंट्स दाखिला लेने से वंचित रह गए। इससे गुस्साए स्टूडेंट्स ने दाखिले की डेट नहीं बढ़ाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सीसीएसयू की दूसरी कट ऑफ लिस्ट से जुड़े सैकड़ों स्टूडेंट्स सिंभावली स्थित किसान पीजी कॉलेज में सुबह दाखिला लेने पहुंचे लेकिन यूनिवर्सिटी की वेबसाइट नहीं खुली। पूरे दिन स्टूडेंट्स कोशिश करते रहे लेकिन वेबसाइट पूरी तरह ठप रही।
दाखिला का अंतिम दिन होने के कारण वेबसाइट नहीं खुलने से सैकड़ों स्टूडेंट्स दाखिला नहीं ले पाए। इससे गुस्साए स्टूडेंट्स ने एडमिशन की डेट न बढ़ाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्टूडेंट्स का कहना है कि वेबसाइट ठप होना यूनिवर्सिटी स्तर से जुड़ी खामी है, इसमें स्टूडेंट्स की कोई गलती नहीं है। इसलिए वंचित स्टूडेंट्स को हर हाल में मौका मिलना चाहिए।
छात्रसंघ अध्यक्ष अमित शर्मा का कहना है कि वेबसाइट ठीक होने पर दूसरी कट ऑफ लिस्ट से जुड़े स्टूडेंट्स को दाखिला दिलवाने की तारीख बढ़वाई जाएगी। अगर यूनिवर्सिटी की ओर से कोई भी अनदेखी की जाती है तो इसके विरोध में बड़ा आंदोलन होगा।
इस संबंध में प्रिंसिपल डॉ.वीपी आर्य का कहना है कि यूनिवर्सिटी स्तर से एडमीशन की तारीख बढ़ाने के संबंध में फिलहाल कोई सूचना नहीं आई है।