अभी भी कुछ लोगों में इंसानियत बाकी है। इसका जीता जागता उदाहरण स्वर्ग आश्रम रोड निवासी एक चाय विक्रेता बना है। बुजुर्ग ने सड़क पर पड़ा मिला 40 हजार रुपये से भरा बैग उसके मालिक को लौटा दिया। बुजुर्ग की ईमानदारी देख लोगों ने उसकी खूब सराहना की।
गांव श्यामपुर निवासी नरेश वीर शुक्रवार को अपने पुत्र का एडमिशन स्वर्ग आश्रम रोड के एक कोचिंग सेंटर में कराने आया था। इस दौरान उसका 40 हजार रुपये से भरा बैग स्वर्ग आश्रम रोड पर कहीं गिर गया। तलाश के बाद भी बैग नहीं मिला तो वह मायूस होकर लौट गया।
चाय बेचने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग विजय पाल सिंह को सड़क किनारे नोटों से भरा बैग पड़ा मिला। बुजुर्ग ने इसकी सूचना पास के ही मेडिकल स्टोर संचालक दिनेश त्यागी को दी। कुछ ही देर में नोटों से भरा बैग पाने की सूचना आसपास के लोगों को दे दी गई।
चार विक्रेता और मेडिकल स्टोर संचालक ने कोचिंग सेंटर से पीड़ित का मोबाइल नंबर लेकर उसे फोन किया। चाय विक्रेता ने स्थानीय लोगों के सामने पीड़ित को उसका नोटों से भरा बैग लौटा दिया।
चाय विक्रेता की ईमानदारी देख स्थानीय लोग उसकी सराहना कर रहे हैं। पीड़ित ने भी चाय विक्रेता को धन्यवाद दिया है।