देहात थाना क्षेत्र के पटना-मुरादपुर गांव के एक खेत में झूल रहे जर्जर हाईटेंशन तारों की चपेट में आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित किसान झुलस गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। निगम अफसरों की लापरवाही से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार पटना मुरादपुर गांव निवासी शोएब रविवार सुबह अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत से चारा लेने के लिए गया था। इसी दौरान खेत में झूल रहे हाईटेंशन लाइन से ट्रैक्टर-ट्रॉली टच हो गई, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लग गई। हादसे में शोएब भी करंट से झुलस गया। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे।
किसी प्रकार बिजली सप्लाई बंद कराकर युवक को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों का कहना था कि खेत में तार दो दिन से टूटकर लटक रहा था। इसकी शिकायत निगम के अफसरों से की जा चुकी है। लेकिन शिकायत पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। जिसकी वजह से यह हादसा हो गया है।
ग्रामीणों ने निगम अफसरों की लापरवाही पर देहात थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ देहात दीक्षित त्यागी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है।