हापुड़। जिले में बिजली संकट बरकरार है। अब फुंके या आंधी में गिरे ट्रांसफार्मर 48 घंटे में तो छोडि़ए एक सप्ताह में भी नहीं बदले जा रहे हैं। 1912 पर शिकायत भी बेअसर हो रही है। खेतों में फसलों की सिंचाई चौपट हो रही है। शहर, गांवों में भी बिजली की स्थिति बदतर है। उमस भरी गर्मी में इन अव्यवस्थाओं के कारण उपभोक्ताओं का हाल बेहाल है।
गांव सिमरौली निवासी अभिषेक शर्मा ने बताया कि गांव में भगवत सैनी के खेत में लगा ट्रांसफार्मर सात दिन पहले आंधी में नीचे गिर गया था। इससे जुड़े कई नलकूप ठप हो गए, 1912 पर कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हो सका। बाबूगढ़ बिजलीघर पर भी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। भीषण गर्मी में फसलों की सिंचाई ठप हो गई है, धान चौपट हो रही है।
असौड़ा निवासी नसीम ने बताया कि पानी की टंकी के पास लगा ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। पांच दिन से पूरे क्षेत्र में बिजली संकट चल रहा है। लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। कई बार बिजलीघर पर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन खराब ट्रांसफार्मर की बदली नहीं हो सकी है। असौड़ा के लोग भीषण गर्मी में पानी की बूंद बूंद को तरस रहे हैं।
वहीं, सोमवार की रात करीब नौ बजे तेज हवाओं के कारण आनंद विहार से 33केवी लाइन की सप्लाई बंद कर दी गई। इससे टाऊन हॉल बिजलीघर बंद हो गया, करीब आधा घंटा तक इस बिजलीघर से जुड़े करीब दस हजार उपभोक्ताओं को सप्लाई नहीं मिल सकी। गर्मी से उपभोक्ताओं को बुरा हाल रहा।