सिंभावली। एचपीडीए के प्रभारी प्रवर्तन अम्बरीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में बुधवार को टीम ने गांव बक्सर, वैठ, खुडलिया में पांच स्थानों पर करीब 27 हजार वर्ग मीटर में की गई अवैध प्लॉट ध्वस्त कराए। वहीं, बिना अनुमति और भूमि प्रयोग बदलवाए बिना प्लाटिंग करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
अम्बरीश कुमार ने बताया कि सबसे पहले गांव वैठ में हाईवे किनारे हशुपुर मोड़ पर मोहम्मद फुरकान द्वारा बिना अनुमति करीब पांच हजार वर्ग मीटर में प्लाटिंग पर जेसीबी चलवाई गई। वैठ मोड़ पर महमूद खां, चमन, इंसाफ व अन्य लोगों द्वारा चार हजार वर्ग मीटर, वैठ मोड़ के पास बक्सर में असलम की तीन हजार वर्ग मीटर, बक्सर पीएचसी के निकट शिव कुमार और देवेंद्र की पांच हजार वर्ग मीटर और गांव खुडलिया में हरेंद्र सिंह व नदीम की दस हजार वर्ग मीटर की प्लाटिंग को ध्वस्त कराया। उन्होंने कहा कि बिना मानक पूरे किए और भूमि का प्रयोग बदलवाए बिना यदि कहीं भी प्लॉटिंग अथवा अवैध निर्माण कार्य कराया जाएगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम में पीयूष जैन, देशपाल सिंह व अन्य मौजूद रहे।