हापुड़। उमस भरी गर्मी से लोगों का पसीना छूट रहा है। धूप हल्की होने के बाद भी राहत नहीं मिल पा रही है इस सप्ताह तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का प्रकोप बढ़ने का भी अनुमान है, जिससे लोगों को प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
पिछले सप्ताह बारिश होने के बाद से तापमान तो स्थिर बना हुआ है, लेकिन गर्मी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दिन निकलने की सूर्य देव अपना असर दिखाना शुरू कर देते हैं। जैसे जैसे दिन चढ़ता है वैसे की पारा भी बढऩे लगता है।
सोमवार को भी सूरज की तेज किरणों के साथ दिन की शुरूआत हुई। दोपहर के समय गर्मी और उमस ने लोगों का पसीना निकाल दिया। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग कूलर और पंखों के सामने बैठे रहे, लेकिन पसीना नहीं सूख सका। दोपहर के समय कुछ देर के लिए धूप गायब हो गई, लेकिन इसके बाद भी सूरज की तपिश कम नहीं हो सकी। देर शाम तक गर्मी की मार से लोग बेहाल दिखे। मौसम वैज्ञानिक डॉ.अशोक कुमार ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सप्ताह तापमान बढ़ेगा और गर्मी की मार भी लोगों को सताएगी। इसके साथ ही लू का प्रकोप बढ़ने से लोगों को गर्मी मार झेलनी पड़ेगी।