धौलाना थाने में शांति समिति की बैठक में भाग लेते लोग। संवाद
धौलाना। देहरा गांव में पत्थरबाजी और मारपीट के बाद मंगलवार को थाना धौलाना परिसर में साठा चौरासी विकास मंच की पहल पर शांति वार्ता बैठक आयोजित की गई। पांच घंटे तक दो चरणों में चली बैठक में हिंदू राजपूत और मुस्लिम राजपूत समाज के प्रबुद्ध एवं सम्मानित लोगों ने कहा कि साठा चौरासी की गौरवशाली परंपरा को किसी भी कीमत पर टूटने नहीं दिया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मनोज सिंह और क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने की। पहले चरण में मुस्लिम राजपूत समाज और दूसरे चरण में राजपूत बाहुल्य गांवों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। दोनों समुदायों ने शांति व्यवस्था कायम रखने और आपसी रिश्तों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। देहरा गांव के संस्थापक ठाकुर गोविंद सिंह के वंशज चौधरी हनीफ सरपंच ने कहा कि यह मामला परिवार का है और परिवारों में छोटे-मोटे विवाद होते रहते हैं, लेकिन रिश्ते खत्म नहीं होते।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष बैठकर इस विवाद को समाप्त कर लेंगे और भाईचारे को मजबूत बनाए रखेंगे। कुंवर अय्यूब अली एडवोकेट ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए वर्तमान हालात को नियंत्रित रखने पर पुलिस और प्रशासन का आभार जताया। साठा चौरासी विकास मंच के उपाध्यक्ष मास्टर वकील चौधरी ने कहा कि विवादों को मन से सुलझाना होगा, ताकि क्षेत्र में तनाव न बढ़े और शांति कायम रह सके।