नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया इस बार पूरी तरह से हाइटेक होने जा रही है। चुनाव के संबंध में अधिकतर कार्य ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से होगा। अधिकारियों ने अभी से प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी कर्मचारियों को देना शुरू कर दिया है।
शासन से जारी आदेशों के तहत इस बार सभी रिटर्निंग ऑफिसर्स को लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। सुरक्षा के लिए ओटीपी(वन टाइम पासवर्ड) के माध्यम से ही नामांकन पत्रों का विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जा सकेगा।
निकाय चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने वाले उम्मीदवार का फोटोग्राफ सहित चल एवं अचल संपत्ति, जमानत राशि, दल का नाम, आपराधिक विवरण आदि दस्तावेजों को स्कैन करके ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।
ऑनलाइन फीडिंग के आधार पर ही नामांकन पत्रों की जांच होगी। यदि कोई नाम वापस लेता है तो उसकी नाम वापसी की रसीद भी कम्प्यूटर से निकालकर उपलब्ध कराई जाएगी। मान्यता प्राप्त दल के उम्मीदवार का विवरण अपलोड होने के पश्चात चुनाव चिह्न स्वत: वेबसाइट पर प्रदर्शित हो जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव संबंधी जानकारी को जन सामान्य तक पहुंचाने के लिए स्टेट इलेक्शन कमीशन यूपी नाम से मोबाइल एप भी लांच किया है।
कोई भी व्यक्ति गूगल प्ले स्टोर में जाकर इस एप को इंस्टॉल कर सकता है। चुनाव के दौरान जारी होने वाले विभिन्न दिशा-निर्देशों की जानकारी भी इस एप पर उपलब्ध रहेगी।