नाला निर्माण के चलते पिछले कई माह से जलभराव व गंदगी की समस्या से जूझ रहे त्यागी नगर के लोगों ने शनिवार को मतदान बहिष्कार की घोषणा कर दी है। गुस्साए लोगों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक वह मतदान नहीं करेंगे।
स्वर्ग आश्रम रोड पर नगर पालिका द्वारा पिछले कई माह से नाले का निर्माण किया जा रहा है। अनियमितताओं के कारण कभी मोहल्ले के लोग इस कार्य को रुकवा देते हैं तो कभी निर्माणाधीन नाले की दीवार खुद ही गिर जाती है।
ऐसे में इस नाले से जुड़े कई मोहल्ले के लोग बुरी तरह प्रभावित हैं। शनिवार को जलभराव से परेशान त्यागी नगर मोहल्ले के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने एकत्र होगा जमकर प्रदर्शन किया।
मोहल्ला निवासी नीरज त्यागी ने बताया कि नाला निर्माण के कारण मोहल्ले के लोगों का जीवन नरक बन गया है। शासन, प्रशासन कोई सुनवाई करने को तैयार नहीं है। ऐसे में समस्या का समाधान न होने पर मोहल्ले के लोगों ने चुनाव बहिष्कार का फैसला लिया है।
इस संबंध में एसडीएम मीनू राणा ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। लोगों से बातचीत कर उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। मतदान बहिष्कार की घोषणा करने वालों में सचिन त्यागी, अजय शर्मा, विनय शर्मा, अवनीश शर्मा, अमित त्यागी,
यश त्यागी, निखिल त्यागी, अरुण त्यागी, उर्मिला देवी, मनोज कौशिक, नरेश कुमार, विजय कुमार, राजीव कौशिक, विरेंद्र त्यागी, तरुण त्यागी, आकाश व मन शामिल हैं।