कांवड़ यात्रा शुरू होते ही पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। इसके मद्देनजर मंगलवार को ब्रजघाट में बैठक कर कांवड़ यात्रा के दौरान बंदोबस्त करने की रूपरेखा तैयार की गई है। बुधवार रात से हाईवे पर भारी वाहनों का संचालन रोक दिया गया है। तीन दिन तक भारी वाहनों को रूट डायवर्ट कर निकाला जाएगा।
कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर हापुड़ के गढ़ और अमरोहा के गजरौला सर्किल के पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के बीच मंगलवार को ब्रजघाट में मीटिंग हुई। एसडीएम आरएन पांडेय ने बताया कि शिवरात्रि के मद्देनजर कांवड़ियों का ब्रजघाट गंगानगरी में आना शुरू हो चुका है। इसके मद्देनजर तीन दिन तक हाईवे पर भारी वाहन नहीं चलेंगे।
उन्होंने बताया कि इस बार हाईवे किनारे कांवड़ियों के नए शिविर नहीं लगने दिए जाएंगे और तेज आवाज में बजने वाले डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। सीओ सतीश चंद्र पांडेय और इंस्पेक्टर समरजीत सिंह ने बताया कि कांवड़ियों के वाहनों को खड़ा करने के लिए ब्रजघाट में पलवाड़ा मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
हाईवे किनारे व गंगा पुल के आसपास वाहन खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। गजरौला सीओ इंस्पेक्टर सिंह, इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह, ब्रजघाट चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह समेत दमकल और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, दूसरी ओर मंगलवार से हापुड़ आैर गढ़ में कांवड़ियों का लौटना शुरू हो गया है।
एक साइड से हाईवे कांवड़ियों के नाम
पुलिस प्रशासन ने नेशनल हाईवे 24 की एक साइड बुधवार रात से शिवभक्तों के हवाले करने की रूपरेखा तैयार की है। जिसके तहत मुरादाबाद से दिल्ली को जाने वाली साइड में कांवड़िये और उनके वाहनों के अलावा किसी भी तरह का ट्रैफिक नहीं चल पाएगा।
सभी तरह के वाहनों का आवागमन वन वे की बजाए अकेले दिल्ली-मुरादाबाद वाली लाइन पर ही हो पाएगा। गढ़ सीओ सतीश चंद्र पांडेय और गजरौला सीओ इंस्पेक्टर सिंह ने बताया कि बुधवार रात से 25 फरवरी दोपहर तक हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है।
यह होगी रूट डायवर्जन की रूपरेखा
मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को मुरादाबाद के कांठ से धामपुर, नगीना, कोतवाली, बिजनौर, बैराज, मीरापुर, मवाना, मेरठ से मोदीनगर होकर गाजियाबाद तथा दिल्ली भेजा जाएगा।
दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ जाने वाले वाहनों को गाजियाबाद के लाल कुआं से बुलंदशहर, नरौरा, डिबाई, बबराला, बहजोई, चंदौसी से निकलेंगे। मुरादाबाद से मेरठ को जाने वाले वाहन अमरोहा के अतरासी रोड से अमरोहा, नौगांवा सादात और नूरपुर होकर निकलेंगे।
मुरादाबाद की तरफ जाने वाले वाहन गुलावठी, बुलंदशहर, नरौरा, डिबाई, बबराला, बहजोई, चंदौसी से निकलेंगे। चांदपुर से दिल्ली जाने वाले वाहन बिजनौर, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होकर निकलेंगे।
गजरौला चौपला से दिल्ली जाने वाले वाहन हल्दौर, बिजनौर, बैराज, मीरापुर, मवाना, मेरठ, मोदीनगर, गाजियाबाद होकर निकलेंगे। स्याना-बुलंदशहर से मेरठ-हापुड़ को जाने वाले वाहन स्याना से बीबीनगर, गुलावठी, हाफिजपुर, हापुड़, खरखौदा होकर निकलेंगे। गढ़ से रामपुर को जाने वाले वाहन स्याना, बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, बहजोई, चंदौसी, बिलारी से निकलेंगे।