हापुड़। स्वास्थ्य विभाग को 11 नई 102 नंबर एंबुलेंस मिली हैं, अब मरीज समय से अस्पताल पहुंचेंगे। गर्भवती महिलाओं को इनका सीधा लाभ मिलेगा। डीएम ने जिला मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया।
जिले में स्वास्थ्य विभाग के पास कुल 25 एंबुलेंस हैं। जिनमें से 16 एंबुलेंस 102 और नौ एंबुलेंस 108 नंबर की हैं। 102 नंबर की 11 एंबुलेंस सरकारी मापदंडों के अनुसार चलने के योग्य नहीं थीं। एंबुलेंस की कमी होने के चलते अब तक इन्हीं एंबुलेंस से काम चलाया जा रहा था। इनमें प्रसूताओं को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा कई बार अस्पताल जाते समय एंबुलेंस बीच रास्ते में ही खराब हो जाया करती थी। इन्हें ठीक कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अधिक रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब इन परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। डीएम प्रेरणा शर्मा ने कहा कि एंबुलेंसों से शहरों के साथ-साथ जिले के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों तक पहुंचने में आसानी होगी। 102 निशुल्क एंबुलेंस सेवा आपातकालीन चिकित्सा परिवहन सेवा है। यह आपातकालीन परिवहन सेवा गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशु एवं उनकी माता को 24 घंटे निशुल्क सेवा प्रदान करेंगी। सीएमओ डा.सुनील कुमार त्यागी ने कहा कि नई एंबुलेंसों से मरीज अब और अधिक जल्दी निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) या किसी भी सरकारी अस्पताल में पहुंच पाएंगे। जिससे संस्थागत प्रसव प्रतिशत में वृद्धि, मातृ मृत्यु दर तथा शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी। इस प्रकार यह एंबुलेंस जिले की स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूती प्रदान करेंगे।
इन सीएचसी में भेजी गईं हैं नई एंबुलेंस
सीएचसी
एंबुलेंस की संख्या
धौलाना
01
सपनावत
01
पिलखुवा
02
गढ़मुक्तेश्वर
02
सिंभवाली
01
हापुड़
04