हापुड़। थाना देहात पुलिस व स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा मार्का की शराब को दूसरे ब्रांडों की बोतलों में भरकर बेच रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लाख रुपये कीमत की 19 पेटी अवैध शराब व विभिन्न ब्रांडों के खाली बोतल, पव्वे, ढक्कन, सील मार्क व स्टीकर बरामद किए हैं।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार व स्वाट प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी की टीम ने शुक्रवार को योगेश निवासी साबुन गोदाम के पास बागपत रोड टीपीनगर व दिनेश निवासी गोपला रोड गली नंबर दो रिठानी परतापुर जिला मेरठ को किठौर रोड पर असौड़ा की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मेरठ के तीन लोगों को चड़ीगढ़ से अवैध शराब लाकर ब्रांडेड कंपनी की बोतलों व पव्वों में भरकर सील कर महंगे दामों में बेचते हैं। आरोपी चंडीगढ़ से बस द्वारा पहले दिल्ली आते हैं और इसके बाद अवैध शराब लेकर हापुड़। शुक्रवार को मेरठ निवासी एक व्यक्ति किठौर रोड से अपने साथ आरोपियों को लेकर मेरठ जाता। एसपी ने बताया कि किसी को शक न हो आरोपी बड़े-बड़े ट्रैवल बैग व कट्टों में पैक कर अवैध शराब को चंडीगढ़ से लाते हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
एक साल से कर रहे काम, ठेके पर भी होती थी सप्लाई-
एसपी ने बताया कि आरोपी पिछले करीब एक साल से इस धंधे मेें लिप्त थे। अभी तक की जांच में मेरठ के तीन लोगों को इस शराब की सप्लाई की जा रही थी। इनमें से एक आरोपी मेरठ में एक ठेके पर काम करता है। ऐसे में आशंका है कि इस शराब को ठेके से भी बेचा जा रहा होगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इसका खुलासा होगा।