गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेले में शनिवार की शाम आईजी नचिकेता झा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने गंगा किनारे डेरा डाल चुके श्रद्धालुओं को हटाने के साथ ही अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्तिक पूर्णिमा मेला शनिवार को विधिवत रूप से शुरू हो गया है, हालांकि देवोत्थान एकादशी के दिन मंडलायुक्त मेले का शुभारंभ करेंगी। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर शनिवार को आईजी नचिकेता झा ने भी निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उसके बाद वह मेला स्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने गंगा के जल स्तर की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा और बेहतर करने के साथ-साथ गोताखोर और पीएसी को तैनात करने के आदेश दिए। एनडीआरएफ की टीम को गंगा में गश्त करने के लिए कहा।
अस्थायी पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने कहा कि मेला स्थल पर काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए हैं। उन सभी की सुरक्षा पुलिस के लिए एक चुनौती है। इस चुनौती को स्वीकार करते हुए सभी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं से मधुर व्यवहार करें। हर्ष फायरिंग, मादक पदार्थ पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहे। आबकारी विभाग निरंतर मेले में शराब की धरपकड़ करती रहे, किसी भी सूरत में शराब का सेवन न हो। इस दौरान डीएम, एसपी समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।