टुंडला में रविवार रात मालगाड़ी और कालिंदी एक्सप्रेस के बीच हुए हादसे के बाद दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग करीब 16 घंटे तक ठप रहा। हादसे के बाद जहां गोमती एक्सप्रेस समेत चार ट्रेनें रद्द कर दी गईं।
वहीं इस मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर हापुड़ से निकाला गया। जानकारी के अनुसार रविवार रात टुंडला में कानपुर से दिल्ली जा रही कालिंदी एक्सप्रेस और मालगाड़ी की भिड़ंत हो गई थी। हादसे के बाद से दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पूरी तरह से ठप हो गया।
इसके चलते दिल्ली से कानपुर की तरफ जाने वाली गाड़ियों को आगरा वाया झांसी होते हुए निकाला गया। कुछ ट्रेनों को हापुड़-मुरादाबाद रूट से भी रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक विरेंद्र सिंह ने बताया शाम तक दो ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया था।
हादसे के बाद दिल्ली हावड़ा मार्ग ठप होने से टूंडला-अलीगढ़-हाथरस पैसेंजर और दिल्ली-लखनऊ अप-डाउन गोमती एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया। साथ ही सोमवार शाम मेरठ से खुर्जा जाने वाली मेरठ खुर्जा पैसेंजर रद्द रही।
मंगलवार को भी खुर्जा से चलकर मेरठ जाने वाली खुर्जा मेरठ पैसेंजर रद्द रही। इन ट्रेनों के अचानक रद्द किए जाने से सबसे अधिक दिक्कत दैनिक यात्री को हुई।