नगर निवासी डॉ. अब्दुल कद्दूस की कोरोना के कारण दिल्ली के एक अस्पताल में बृहस्पतिवार को मौत हो गई, जबकि गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के एक वृद्ध की भी मेरठ के मेडिकल कॉलेज में कोरोना के चलते मौत हुई है। 24 घंटे में दो कोरोना पीड़ितों की मौत से जिला प्रशासन में हड़कंप मचा है। हालांकि जिले से बाहर मौत के कारण इन्हें हापुड़ जिले में कोरोना से हुई मौतों में नहीं गिना जाएगा।
जानकारी के अनुसार बुलंदशहर रोड हापुड़ के कोटला मेवातियान निवासी 62 वर्षीय चिकित्सक अब्दुल कद्दूस को 21 मई को हार्ट अटैक की शिकायत पर परिजनों ने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। बताया गया है कि वहां चिकित्सकों ने उपचार से पहले उनका सैंपल लेकर कोरोना की जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट में मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई थी।
मृतकों के संपर्क में आने वालों की जांच करने में जुटे चिकित्सक
उनके मित्र नवरत्न त्यागी ने डॉ. कद्दूस की मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्य है कि उन्हें वहां वैंटिलेटर नहीं मिल सका। हालांकि बामुश्किल उनकी चिकित्सक बेटी और दामाद ने उनको एक नामचीन अस्पताल में शिफ्ट कराया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बताया कि वह मौजूदा दौर में भी सिर्फ 30 रुपये की पर्ची पर मरीजों की जांच और दवा देते थे। उनके पिता हकीम नूर अली 100 वर्ष की आयु के शहर के नामचीन हकीम हैं।
गढ़ निवासी मृतक में काफी समय से बुखार की शिकायत थी
वहीं दूसरी और गढ़मुक्तेश्वर नगर निवासी 75 वर्षीय वृद्ध संत प्रकाश त्यागी को पिछले काफी समय से बुखार की शिकायत थी। परिजनों ने वृद्ध को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। वृद्ध की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया था। वहां के वृद्ध की जांच में कोरोना की पुष्टि हुई थी। मृतक मूल रूप से मेरठ जनपद के कस्बा खरखौदा निवासी था।
अंतिम संस्कार बना चर्चा का विषय
मृतक संतप्रकाश के दामाद तीरथ सिंह रावत उतराखंड में भाजपा के पूर्व प्रदेशाक्वयक्ष व पूर्व विधायक भी रह चुके हैं। जो वर्तमान में गढ़वाल लोक सभा सीट से सांसद भी हैं। लोगों में चर्चा है कि हाईप्रोफाइल के चलते कोरोना पॉजिटिव होने के बावजूद भी गंगा तट पर अंतिम संस्कार की अनुमति मिल गई। वहीं मृतक के छोटे बेटे विकास ने आनन फानन में गंगा तट पर सभी इंतजाम पूरे करा दिए। मृतक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद से आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मचा है।
एसडीएम विजयवर्धन तोमर का कहना है कि मृतक के आवास समेत आसपास के इलाके को सैनिटाइज करा दिया गया है।
सीएमओ डॉ. रेखा शर्मा के अनुसार डॉ. कद्दूस में कोरोना की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उनके खानदान के 13 सदस्यों के सैंपल लेकर जांच कराई थी। हालांकि किसी की जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई थी।