टोल प्लाजा से फर्जी दरोगा को बाइक पर ले जाते पुलिस कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
छिजारसी टोल प्लाजा पर सोमवार को कर्मियों ने एक उत्तर-प्रदेश पुलिस का फर्जी दरोगा पकड़ा। टोल बचाने के लिए उसने कर्मियों पर रौब गालिब किया और आई कार्ड दिखाया। जांच में पहचान पत्र फर्जी निकला तो आरोपी अधिकारियों और कर्मियों से माफी मांगने लगा। टोल कर्मियों ने आरोपी को छिजारसी चौकी पुलिस के हवाले कर दिया।
टोल टैक्स बचाने के लिए लोग पुलिस व सरकारी विभाग के अधिकारियों के फर्जी आई कार्ड बनवाकर दुरुपयोग कर रहे हैं। छिजारसी टोल पर पहले भी ऐसे कई मामले आ चुके हैं। सोमवार दोपहर को भी ऐसा ही एक मामला सामने आया। टोल प्लाजा के प्रबंधक शेषनाथ ने बताया कि सोमवार दोपहर तीन बजे हापुड़ की ओर से कार टोल लैन पर पहुंची। कार के साथ सामान से भरा एक मिनी ट्रक भी था। टोल कर्मी द्वारा प्लाजा का शुल्क मांगने पर कार सवार व्यक्ति ने बताया कि वह यूपी पुलिस में दरोगा है।
कर्मी द्वारा पहचान पत्र मांगने पर उक्त व्यक्ति ने रौब दिखाते हुए गाली गलौच करनी शुरू कर दी। कार से निकलकर व्यक्ति गुस्से में टोल प्रबंधक के कक्ष में पहुंचा। प्रबंधक ने बताया कि आरोपी ने दूसरे प्रबंधक को आई कार्ड दिखाया और कार्यालय के गेट में लात मारते हुए गाली गलौच शुरू कर दी। आई कार्ड पर शक होने के कारण टोल कर्मियों ने चौकी से पुलिस को बुला लिया। जांच में आई कार्ड फर्जी निकला, पोल खुलने पर आरोपी माफी मांगने लगा।