उधार दिए रुपये हड़पने के लिए सिपाही पर दर्ज कराया मुकदमा
पिलखुवा। डायल -100 पर तैनात रहे एक सिपाही पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला व एक अन्य के खिलाफ आईजी के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। सिपाही की पत्नी की तहरीर पर पिलखुवा पुलिस ने कार्रवाई की है।
पिलखुवा में तैनात एक सिपाही की पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 2018 में उसके पति डायल 100 पर जनपद बिजनौर में तैनात थे। गत आठ मई 2019 को एक महिला ने फोन पर पति द्वारा मारपीट करने की सूचना दी। शिकायतकर्ता महिला का आवास उन्हीं के आवास के पास निकला। पति-पत्नी के बीच समझौता होने पर महिला का सिपाही के घर आना-जाना शुरू हो गया और सिपाही की पत्नी से दोस्ती कर ली। इसी बीच महिला ने सिपाही की पत्नी से पति का एक्सीडेंट होने का बहाना करके तीस हजार रुपये ले लिए। इसी दौरान सिपाही का स्थानांतरण जनपद हापुड़ में हो गया। इसके बाद भी मेलजोल चलता रहा। आरोप है कि उक्त महिला ने दोबारा पिता के एक्सीडेंट होना बताकर साढ़े तीन लाख रुपये उधार ले लिए। सिपाही की पत्नी का कहना है कि गत मार्च 2020 में महिला का फोन आया और उसने बताया कि वह बिजनौर निवासी एक युवक से प्यार करती है और उससे शादी करनी है। आरोप है कि सिपाही की पत्नी ने कई बार महिला से रुपयों का तकादा किया, लेकिन वह टाल मटोल करती रही। आरोप है कि रुपये हड़पने के लिए आरोपी महिला ने उसके सिपाही पति के खिलाफ मुख्यमंत्री पोर्टल पर छेड़छाड़ की शिकायत की। जिसके चलते थाना हल्दौर में सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि आईजी मेरठ जोन के निर्देश पर मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी नामजद महिला ने बिजनौर निवासी एक व्यक्ति से शादी करने की भी बात कहीं है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।