लोन दिलाने का झांसा देकर महिला के खाते से किया 19 लाख का लेनदेन
पिलखुवा। लोन दिलाने का झांसा देकर क्रिकेट मैच पर दांव लगाने वाले सटोरियों ने एक महिला के बैंक खता में 19 लाख रुपये का लेनदेन कर लिया। मामला संज्ञान में आने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव परतापुर निवासी नितिन कुमार गांव में ही मोबाइल की दुकान करता है। नितिन ने बताया कि एक फरवरी 2022 को उसकी दुकान पर एक व्यक्ति आया, उसने खुद को बैंक कर्मी बताते हुए छोटे दुकानदारों को लोन दिलाने की बात कही। नितिन को भी दुकान में सामान बढ़ाने के लिए लोन लेने की आवश्यकता थी। इसीलिए वह उसकी बातों में आ गया। कुछ दिन बाद वह व्यक्ति तीन-चार लोगों के साथ दोबारा नितिन की दुकान पर पहुंचा और बताया कि लोन के लिए बैंक से अधिक लेनदेन करना पड़ेगा। इसके बाद ही बैंक से लोन पास हो पाएगा। इसके चलते आरोपियों ने नितिन की पत्नी ज्योति की बैंक पास बुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज ले लिए। नितिन ने बताया कि इसके बाद 12 से 19 फरवरी के बीच उसकी पत्नी के बैंक खाते से करीब साढ़े 19 लाख रुपये का लेनदेन किया गया। जिस पर पीड़ित को शक हुआ और जानकारी की तो पता चला कि वह व्यक्ति कोई बैंक कर्मी नहीं, बल्कि सटोरिया है। आरोप है कि इस बाबत थाने पर तहरीर दिए जाने के बावजूद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई की नहीं की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला साइबर अपराध से जुड़ा है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जल्द की आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।