डासना से हापुड़ बाईपास तक अवैध कब्जा हटवाने के लिए मांगी फोर्स
पिलखुवा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की डासना से लेकर हापुड़ बाईपास तक की जमीन पर 150 से अधिक स्थानों पर अवैध कब्जे चिन्हित किए गए हैं। उक्त भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए एनएचएआई ने कब्जा धारकों को दो बार नोटिस दिया लेकिन उनके द्वारा जमीन को खाली नहीं किया गया। अब एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार ने भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए डीएम को पत्र भेजकर पुलिस फोर्स की मांग की है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे परियोजना का निर्माण किया गया है। जिसके अंतर्गत खंड तृतीय गाजियाबाद जनपद के डासना से हापुड़ बाईपास तक करीब 28 किलोमीटर का क्षेत्र है। स्थानीय लोगों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि (आरओडब्ल्यू) पर अवैध रूप से रैंप, एक्सेस, सीढ़ी, फुटपाथ पर पक्की, कच्ची दुकान, खोखा आदि निर्माण कर अवैध कब्जा कर लिया है। अवैध निर्माण को हटाने के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किया जाता है, कर्मचारियों को मौके से भय दिखाकर भगा दिया जाता है। अवैध निर्माण के कारण यातायात भी बाधित हो रहा और रोजाना दुर्घटनाएं भी घटित होती रहती हैं। उन्होंने बताया कि डासना से हापुड़ बाईपास के बीच 150 स्थान चिन्हित किए गए हैं जहां पर लोगों ने अवैध निर्माण किया हुआ है। दो बार इन्हें नोटिस भेजे गए लेकिन जमीन खाली नहीं की गई। जमीन को खाली कराने के लिए डीएम को पत्र भेजकर पुलिस फोर्स की मांग की है। फोर्स मिलने पर अवैध कब्जा को कटवाया जाएगा। (संवाद)