लूट के बाद महिला की पीट-पीटकर हत्या
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव हिंडालपुर में बदमाशों ने एक महिला की लूट के बाद पीट-पीट कर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम को जिला मुख्यालय भेजा है। दिनदहाड़े घर के अंदर हुई हत्या से ग्रामीण में दहशत का माहौल है।
गांव निवासी स्वर्गीय धर्मपाल की 73 वर्षीय लक्ष्मी देवी के प्रशांत और बिट्टू दो पुत्र हैं। एक गाजियाबाद और दूसरा लखनऊ में परिवार के साथ रहता है। पुत्री मेरठ में रहती है। लक्ष्मी देवी भी उनके पास रहती थी। कुछ दिन पूर्व जेठ का बेटा राजेंद्र महिला को गांव लाया था। रविवार शाम चार बजे परिवार का एक बच्चा वृद्ध को चाय देने उसके कमरे में आया तो अंदर का दृश्य देख उसकी चीख निकल गई। महिला मृत अवस्था में पड़ी थी। बच्चे के शोर मचाने पर पड़ोसी और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। सिर पर ईंट या किसी भारी वस्तु से वार कर महिला की बेरहमी से हत्या की गई थी। महिला के कानों से सोने के कुंडल और चेन भी गायब थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर ने बताया कि वारदात के समय वृद्धा कमरे में अकेली थी। शव को देखने से प्रतीत होता है कि दोपहर दो से चार बजे के बीच महिला की हत्या की गई है। प्रथम दृष्टया मामला लूट के बाद हत्या का लग रहा है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच चल रही है। मृतका के पुत्रों और पुत्री को वारदात के संबंध में जानकारी दे दी गई है। हत्याकांड में किसी परिचित का हाथ होने की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले में अभी तक किसी भी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है।