आज पंचायत कर धरना खत्म करने पर निर्णय लेंगे ग्रामीण
पिलखवा। डंपिंग ग्राउंड के विरोध में गालंद समेत गई गांवों के ग्रामीण का धरना रविवार को भी जारी रहा। रविवार को एसडीएम धौलाना सुनीता सिंह और सीओ पिलखुवा डा. तेजवीर सिंह धरना खत्म कराने के लिए ग्रामीणों से वार्ता करने पहुंचे। करीब ढाई घंटे की बातचीत में धरना समाप्ति की सहमति नहीं बन सकी। दोनों अधिकारी बैरंग लौट गए। आज यानी सोमवार को ग्रामीण धरना स्थल पर पंचायत कर धरना समाप्त करने के संबंध में निर्णय लेंगे।
गाजियाबाद नगर निगम के गांव गालंद में प्रस्तावित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के विरोध में ग्रामीणों का धरना चल रहा है। पिछले दिनों मामला शासन तक पहुंचने के कारण फिलहाल विधानसभा चुनाव तक प्लांट के निर्माण कार्य पर रोक लग गई है। इसी क्रम में रविवार को एसडीएम धौलाना और सीओ पिलखुवा गालंद पंचायत पर चल रहे धरना स्थल पर पहुंचे। एसडीएम ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों को बताया कि शासन ने फिलहाल चुनाव तक प्लांट के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। ग्रामीणों की मांग पर एसडीएम ने विधानसभा चुनाव तक निर्माण नहीं होगा इसका लिखित में आश्वासन देने की भी बात कही। इसके अलावा एसडीएम ने आंदोलन के ग्रामीणों पर दर्ज हुई मुकदमों को वापस कराने को गाजियाबाद नगर निगम के अधिकारियों से बातचीत कर समाधान कराने का भी आश्वासन दिया। लेकिन ग्रामीण नहीं माने। बाद में संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने आपस में वार्ता की और अधिकारियों को आश्वासन दिया कि वह सोमवार को ग्रामीणों के साथ बैठक कर धरना को लेकर निर्णय लेंगे। दोनों अधिकारियों से वार्ता में किसान मजदूर संगठन (पूरन) के राष्ट्रीय प्रवक्ता ललित राणा, युवा जिलाध्यक्ष आशु तोमर, ब्रह्मसिंह राणा, संघर्ष समित के अध्यक्ष राजीव तोमर, ग्रामप्रधान संजय कोरी, मनोज तोमर, अन्नू तोमर, योगेश तोमर, बृजमोहन तोमर, योगेश तोमर, हरिओम, अतुल तोमर समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।