सड़क के बीच लगे बिजली के खंभों से हादसे का डर
पिलखुवा। पावर कॉरपोरेशन की अनदेखी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। नगर के रेलवे रोड पर बिजली के दो खंभे सड़क के बीच लगे हुए हैं। लेकिन विभागीय अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं हैं। लोगों ने इन खंभों को शिफ्ट कराने की कई बार मांग की लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। नाराज लोगों ने निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जल्द से जल्द खंभों को हटवाने की मांग की है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि पिछले चार सालों से नगर के रेलवे रोड पर दो बिजली के खंभे सड़क के बीचों बीच खड़े हुए हैं। रोजाना यहां से हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। स्कूल के बच्चों का भी इसी रास्ते से आना-जाना रहता हैं। कई बार रात के अंधेरे में वाहन टकराकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। ऐसे में निगम की इस अनदेखी से यहां कभी कोई बड़ा हादसा घटित हो सकता है। कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर खंभों को हटवाने की मांग की जा चुकी हैं। लेकिन अधिकारियों द्वारा समस्या का अभी तक समाधान नहीं किया गया है। प्रदर्शन करने वालों में धीरज खुराना, प्रेम खुराना, मिलन, विशाल मित्तल, शिवकुमार, आदित्य, वरुण, अंकित, सचिन, संजय, विकास, मनोज, राहुल, सोनू समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
--
जल्द ही कर्मचारियों को मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद खंभों को शिफ्ट कराने की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
भूपेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता पिलखुवा डिवीजन।