मारपीट के बाद किसान की गला दबाकर हत्या
पिलखुवा। सिखेड़ा गांव में दिनदहाड़े ट्यूबवेल पर सो रहे किसान की मारपीट के बाद रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने चुनावी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है। दिनदहाड़े किसान की हत्या की सूचना पर पुलिस डॉग स्क्वायड और फॉरेसिंग टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस को घटना स्थल से डंडा और रस्सी बरामद हुई। अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। मामले में अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। गांव में पुलिस बल तैनात है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिखेड़ा निवासी 48 वर्षीय विजेंद्र कुमार खेतीबाड़ी कर अपना और अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था। बताया गया है कि रोजाना की तरह रविवार दोपहर को विजेंद्र ट्यूबवेल पर सो रहा रहा थे। इसी बीच हमलावरों ने किसान से मारपीट और रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी शव को नलकूप पर ही छोड़ फरार हो गए। घटना के कुछ देर बाद मृतक के भाई कल्लन जब वहां पहुंचे तो विजेंद्र का शव पड़ा देखा उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर में हत्या की सूचना गांव में फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज मामले की जांच में जुटी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध सक्सेना ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जल्द हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। मृतक की गर्दन पर रस्सी से गला दबाने के निशान मिले हैं इसके अलावा शरीर पर चोट के निशान भी हैं। मौके से रस्सी और डंडा बरामद हुआ है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
--
पत्नी और बच्चों को रोकर बुरा हाल
मृतक की पत्नी पुष्पा, बेटे प्रियांशु और बेटी प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन चुनावी रंजिश के चलते हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। हत्या को लेकर ग्रामीणों में रोष है। शांति व्यवस्था के मद्देनजर गांव में पुलिसल तैनात किया गया है।