एलिवेटेड रोड पर हादसे, दो की मौत, 15 लोग घायल
पिलखुवा। कोतवाली अंतर्गत रविवार की सुबह एलिवेटेड रोड पर दो अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाने पर अभी तक तहरीर नहीं दी गई हैं।
गौतमबुद्धनगर के गांव शाकीपुर निवासी परबिन्दर के पिता मांगेराम की बीमारी के चलते गत दो मई को मौत हो गई थी। इसी के चलते परबिन्दर अपने मामा, बहन, बहनोई, भांजा एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वाहन किराए पर कर बृजघाट गंगास्नान के लिए गया था। रविवार की सुबह वह सभी गंगास्नान कर वापस लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े छह बजे कोतवाली अंतर्गत एलिवेटेड रोड पर हल्की बूंदाबादी होने के कारण चालक अंकित वाहन रोककर पन्नी बांधने लगा। इसी बीच पीछे से आए कैंटर ने श्रद्धालुओं से भरे वाहन को टक्कर मार दी। जिसमें नोएडा के सैनी निवासी परबिन्दर के मामा 40 वर्षीय रामकिशोर की मौत हो गई। जबकि परबिन्दर उसकी मां सुरेश, भाई विजयपाल, ढाई वर्षीय बेटा विहान, बहनोई दुर्गापुरी शाहदरा दिल्ली निवासी राकेश, आकाश भांजा, बहन कुसुम, शाकीपुर निवासी माया, अतरी, रूकमणी, मनोज कुमार, चालक अंकित घायल हो गए। हादसे में कैंटर में सवार एटा निवासी चालक गिरीशचन्द, प्रमोद और शिवा भी गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया हैं। घायलों की हालत गंभीर है।
इसके अलावा एलिवेटेड पर रेलवे रोड के सामने बाइक सवार एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया हैं। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी। करीब दस बजे बाइक सवार युवक हापुड़ की ओर गाजियाबाद की तरफ आ रहा था। अभी तक सड़क हादसे में किसी के द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि छोटा हाथी और कैंटर को कब्जे में ले लिया हैं। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मृतक रामकिशोर और एक अज्ञात का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।