उपभोक्ताओं ने नहीं जमा किया बिल, विद्युत निगम का 2.7 करोड़ का नुकसान
पिलखुवा। कोरोना संक्रमण के कारण पावर कॉरपोरेशन का भी कम राजस्व मिला है। अप्रैल व मई माह में भेजे गए बिल के सापेक्ष 2.7 करोड़ का राजस्व प्राप्त नहीं हुआ। जिसकी वसूली के लिए निगम अब अभियान चलाएगा।
पिलखुवा बिजली डिवीजन के अधिशासी अभियंता भूपेन्द्र कुमार ने बताया कि पिलखुवा शहरी क्षेत्र में अप्रैल में 3674 व्यावसायिक उपभोक्ता हैं। जिन को निगम द्वारा दो करोड़ 77 लाख रुपये के बिल भेजे थे। इसमें से मात्र 80 लाख 25 हजार रुपये जमा हो पाया। मई माह में 3680 उपभोक्ता रहे। एक करोड़ 20 लाख रुपये का बिल बना। जिनमें से 63 लाख 63 हजार रुपये जमा हुए। पिलखुवा देहात अंतर्गत अप्रैल माह में 1294 उपभोक्ताओं का 35 लाख 60 हजार बिल बनाए गए। जिनमें से मात्र 21 लाख 67 हजार रुपये जमा हुए। मई माह में 1306 उपभोक्ताओं का 34 लाख 43 हजार रुपये का बिल बनाए गए। जिनमें से मात्र 18 लाख 52 हजार रुपये ही जमा हो पाए। कोरोना काल के चलते करीब 2.7 करोड़ का नुकसान हुआ हैं।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि पिछले दो माह में रुके बिजली बिल की वसूली को लेकर एसडीओ, लाइनमैन को निर्देश दिए जा चुके है। इसी माह के अंत तक बकाया बिल जमा कराने का प्रयास किया जा रहा है।