जन्मदिन पार्टी करने पर 40 के खिलाफ मुकदमा
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिखेड़ा में कुछ युवकों द्वारा जन्मदिन मनाना भारी पड़ गया। कोविड नियमों का उल्लंघन करने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने 40 युवकों के खिलाफ कोरोना महामारी अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से बरामद कर आठ बाइकों को सीज किया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि मंगलवार रात लगभग साढ़े सात बजे सूचना मिली की सिखेड़ा रोड पर कुछ युवक द्वारा जन्मदिन की पार्टी की जा रही हैं। इस दौरान पार्टी कर रहे युवकों द्वारा कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन किया जा रहा था। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से सिखेड़ा निवासी कोमेश एवं गांव गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव कनकपुर निवासी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से आठ बाइकों को बरामद कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मौके से बरामद आठ बाइकों को सीज कर 40 युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया हैं। जिनकी गिरफ्तार के लिए पुलिस दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश युवक विभिन्न कालेज के छात्र बताये जा रहे हैं।