दो माह से वेतन नहीं मिलने पर श्रमिकों ने किया प्रदर्शन
पिलखुवा। खैरपुर-खैराबाद मार्ग पर स्थित आनंदा दुग्ध डेयरी में कार्यरत श्रमिकों को ठेकेदार द्वारा पिछले दो माह से वेतन नहीं दिया गया हैं। इससे गुस्साए मजदूरों ने मंगलवार को डेयरी परिसर में जमकर हंगामा कर प्रदर्शन किया। बाद में डेयरी प्रबंधन द्वारा मजदूरों को समझाकर प्रदर्शन समाप्त कराया। आरोप है कि सौ मजदूरों का दो माह का करीब दस लाख रुपये से अधिक का वेतन रुका हुआ हैं। डेयरी में कार्यरत श्रमिकों के सामने आर्थिक संकट पैदा होने लगा हैं। मजदूरों ने कोतवाली में तहरीर देकर ठेकेदार से रुके वेतन को दिलाने की मांग की हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिलखुवा के खैरपुर खैराबाद रोड पर आनंदा दुग्ध डेयरी संचालित हैं। इस डेयरी में हजारों श्रमिक नौकरी कर अपना और परिवार का भरण-पोषण करते हैं। प्रबंधन द्वारा ठेकेदार के माध्यम से मजदूर डेयरी में मजदूर रखे जाते हैं। इस डेयरी में कई ठेकेदारों के हजारों श्रमिक कार्य करते हैं। बुलंदशहर के गांव वसुन्दरा निवासी आकाश कुमार के पास भी डेयरी में लेवर का ठेका हैं। आकाश के लगभग सौ मजदूर डेयरी में कार्यरत हैं। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा मजदूरों को पिछले दो माह से वेतन नहीं दिया गया हैं। मजदूरों का लगभग दस लाख रुपये से अधिक का वेतन ठेकेदार द्वारा रोक रखा हैं। वेतन नहीं मिलने से मजदूरों के सामने आर्थिक एवं रोजी रोटी का संकट उत्पन्न हो गया हैं। इस मामले से गुस्साए मजदूरों ने मंगलवार को डेयरी परिसर में जमकर हंगामा कर प्रदर्शन किया। बाद में मजदूरों ने ठेकेदार के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर वेतन दिलाने की मांग की हैं। प्रदर्शन करने वालों में विरेश, ब्रजेश, सुरजीत, नरेश, प्रवेश, अतुल, शौकिन, राजू, कालू, मोनू, राजीव, विपिन, शिवराज, प्रमोद, रजनेश, योगेन्द्र, अनिल, सुखवीर समेत अन्य मजदूर मौजूद रहे।
डेयरी द्वारा उनका पेमेंट रोक रखा है, जिसके कारण मजदूरों का वेतन नहीं दिया गया हैं। शीघ्र ही व्यवस्था कर सभी श्रमिकों को भुगतान कर दिया जाएगा। कुछ मजदूरों का कर भी दिया गया हैं।
आकाश कुमार, ठेकेदार आनंदा दुग्ध डेयरी।
--
श्रमिकों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया हैं। ठेकेदार द्वारा लगभग बीस लाख रुपये की जीएसटी को जमा नहीं कराया गया हैं, जिसके चलते डेयरी द्वारा उसका पेमेंट रोका गया हैं। जीएसटी जमा करने के बाद उसका भुगतान कर दिया जाएगा।
हरीश कुमार मित्तल, मैनेजर आनंदा दुग्ध डेयरी।
--
दुग्ध डेयरी के मजदूरों द्वारा तहरीर दी गई है कि बुलंदशहर निवासी लेवर ठेकेदार आकाश द्वारा पिछले दो माह से वेतन नहीं दिया गया हैं। मामले की जांच की जा रही है, जांचोपरांत साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सुबोध कुमार सक्सेना, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पिलखुवा।