पति से विवाद होने पर महिला बेटे संग रजवाहे में कूदी, बच्चे की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव नानपुर में पति के साथ कहासुनी होने पर महिला ने चार वर्षीय बेटे के साथ रजवाहे में छलांग लगा दी, जिसमें डूबकर बच्चे की मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों ने महिला को डूबने से बचा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टर्माटम के लिए भेजा, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बहादुरगढ़ निवासी रिजवाना करीब एक सप्ताह पूर्व गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव नानपुर स्थित अपने मायके में छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए आई हुई थी। जिसके साथ उसका पति यूसुफ और दो बच्चे भी नानपुर आए हुए थे। शादी संपन्न होने के बाद मंगलवार की सुबह रिजवाना की अपने पति यूसूफ के साथ कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर रिजवाना अपने चार वर्षीय बेटे फरहाम के साथ गुस्से घर से निकली और गांव के बाहर रजवाहे में बेटे के साथ छलांग लगा दी। महिला और बच्चे को पानी में डूबते देख ग्रामीणों ने शोर मचा दिया और पुलिस को सूचना दी। इसी बीच महिला का पति और मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने रजवाहे में मां-बेटे की तलाश शुरू की। वहीं पुलिस ने भी ग्रामीणों के साथ दोनों को तलाश किया। काफी देर की मशक्कत के बाद दोनों को रजवाहे से बाहर निकाला जा सका। लेकिन तब तक चार वर्षीय फराहम की मौत हो गई, वहीं महिला को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ससुराल वापस जाने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार रिजवाना का पति उसको शादी का कार्यक्रम पूरा होने के बाद घर ले जाने की बात कह रहा था, लेकिन पत्नी के मना करने पर पति भड़क गया और दोनों के बीच नोकझोंक होते हुए विवाद बढ़ गया। जिससे गुस्से में आकर महिला ने यह कदम उठाया।
शादी की खुशियां मातम में बदली
रिजवाना के माता-पिता और रिश्तेदारों ने छोटी बेटी की शादी काफी धूमधाम से संपन्न कराई। शादी समारोह सकुशल संपन्न होने और बेटी की विदाई के बाद परिवार के लोग काफी खुश थे, लेकिन हादसे में चार साल के मासूम की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
क्या कहती है पुलिस
रजवाहे में डूबे बच्चे और महिला को निकाल लिया था, जिसमें बच्चे की पानी में डूबने के कारण मौत हो गई। बच्चे के शव को पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया है, वहीं पुलिस इस संबंध में पूछताछ कर रही है, सच्चाई सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- शीलेश कुमार, गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक