कोरोना की जगह रेबीज का इंजेक्शन लगाने का आरोप
धौलाना। सपनावत निवासी एक बुजुर्ग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मी पर कोरोना वैक्सीन की जगह रेबीज का इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। वहीं सीएमओ का कहना है कि बुजुर्ग रेबीज के इंजेक्शन लगवाने आया था। उसकी पर्ची पर भी यही लिखा है। रेबीज के साथ कोरोना का टीका नहीं लगाया जा सकता।
सपनावत निवासी शिवम राणा ने बताया कि उनके 61 वर्षीय दादा जयवीर सिंह सात अप्रैल को गांव के शहीद मेजर महेंद्र सिंह सिसौदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोना वैक्सीन लगवाने गए थे। आरोप है कि उन्हें वैक्सीन की जगह रेबीज का इंजेक्शन लगा दिया गया तथा पर्ची पर अगली तिथि लिखकर दे दी। मंगलवार को जब अस्पताल पहुंचे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि अस्पताल में बुजुर्ग रेबीज का इंजेक्शन लगवाने आया था। उसकी पर्ची पर भी यही लिखा हुआ है। इसी के आधार पर उसे रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया। रेबीज इंजेक्शन के साथ कोरोना का टीका नहीं लगाया जा सकता है।