रास्ता बंद होने के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : PILAKHWA
छिजारसी टोलकर्मियों ने बंद किए खेत पर जाने वाले रास्ते
पिलखुवा। छिजारसी टोलकर्मियों ने मंगलवार को हिंडालपुर और छिजारसी वाले रजवाहे के रास्ते को बंद करने के लिए बैरिकेडिंग कर दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने टोलकर्मियों द्वारा बंद किए जाने वाले रास्ते का विरोध करते हुए हंगामा किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने टोलकर्मियों द्वारा रास्ते को बंद नहीं किए जाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
छिजारसी टोल प्लाजा कर्मियों ने किसानों के खेतों पर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेटिंग कर बंद करना शुरू कर दिया। मंगलवार को हिंडालपुर, छिजारसी, खेड़ा, लाखन समेत कई गांवों के किसानों के खेतों पर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग लगाकर किया जा रहा था। यह रजवाहा कंदौला, सिखेड़ा समेत कई गांवों पर होते हुए सपनावत निकलता हैं। इस रास्ते के बंद होने से कई गांवों के ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। टोलकर्मियों द्वारा रास्ता बंद कराए जाने की सूचना पर दर्जनों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने रास्ता बंद किए जाने का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टोल कर्मियों द्वारा रास्ता बंद नहीं किए जाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। प्रदर्शन करने वालो में सुमित तोमर, संजय तोमर, नवीन, सन्नी, गणेश, भूपेन्द्र, संजीव, गौरव समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता बंद होने से अपने खेतों पर न तो बुग्गी ले जा सकते है और न ही ट्रैक्टर-ट्रॉली से सामान ला सकते हैं। पशुओं का चारा और अन्य सामान खेत पर ले जाने और लाने में काफी परेशानी होगी। खेत पर जाने के लिए कई किलो मीटर का चक्कर काटकर जाना पड़ेगा।
छिजारसी टोल प्लाजा प्रबंधक अरविन्द चौहान का कहना है कि इस रास्ते के पड़ोसी ग्रामीणों के अलावा बहुत से वाहन टोल से बचकर निकलते हैं। रास्ता बंद होने से पड़ोसी गांवों के ग्रामीणों को कोई दिक्कत नहीं होने की दी जाएगी। इस रास्ते से ग्रामीणों के अलावा अन्य के वाहनों को जाने से रोकने के लिए रास्ता पर बैरिकेडिंग लगाया जा रहा था।