गुजरात पुलिस ने दी दबिश, दो बैंकों के खंगाले कागजात
पिलखुवा। गुजरात पुलिस साइबर क्राइम से जुड़े मामले की जांच करने के लिए मंगलवार को पिलखुवा पहुंची। गुजरात पुलिस ने पिलखुवा में कई स्थानों पर दबिश देकर हाईवे स्थित दो बैंकों में जाकर खाता संबंधी कागजात खंगाले। इसके अलावा गुजरात पुलिस ने मोहल्ला मंडी एवं छिद्दापुरी में स्थित दो दुकानों पर जाकर वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। हालांकि कोतवाली पुलिस का कहना है कि गुजरात पुलिस ने बिना सूचना दिए कार्रवाई की है।
गुजरात पुलिस की दो गाड़ी मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे पिलखुवा में पहुंची। सबसे पहले पुलिस टीम ने मोहल्ला छिद्दापुरी और बाद में मंडी मोहल्ले में पहुंची। जहां अलग-अलग दुकानों पर जाकर वहां पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। तत्पश्चात गुजरात पुलिस की टीम हाईवे स्थित दो बैंकों में पहुंची और वहां पर कई खातों की डिटेल एवं कागजात खंगाले। गुजरात पुलिस साइबर क्राइम से जुटे मामलों की जांच करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आने की संभावना जताई जा रही हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह का कहना है कि गुजरात पुलिस के आने की सूचना शहरवासियों के माध्यम से मौखिक रूप से मिली है। गुजरात पुलिस द्वारा कोतवाली में सूचना नहीं दी गई है। मामला पिछले दिनों साइबर क्राइम के मामले में जेल गए दो आरोपियों से जुड़ा लग रहा है।