दबंग ने खेत का रास्ता किया बंद
धौलाना। क्षेत्र के गांव पारपा में एक किसान ने दबंग पर खेत का रास्ता बंद करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद भी समाधान न होने पर पीड़ित ने गांव से पलायन करने की चेतावनी दी है।
पारपा निवासी दिनेश प्रसाद, नरेश, मुकेश, सुभाष ने एसडीएम से मंगलवार को शिकायत की। पीड़ितों ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने सरकारी चकरोड तथा नाली को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर अपने खेत में मिला लिया है। 40 वर्ष पूर्व जब चकबंदी हुई थी तब से लेकर अब तक चकरोड को दबंगों द्वारा जोता जा रहा है। जबकि चकरोड़ सभी किसानों के लिए है। उन्होंने बताया कि रास्ता रोके जाने से 50 बीघा गेहूं की फसल सूखने की कगार पर है । अगर जल्द ही सुनवाई नहीं की गई तो राज्यपाल व डिप्टी सीएम के समक्ष 9 मार्च को शिकायत करेंगे। वहीं अगर इसी तरीके उत्पीड़न किया जाता रहेगा तो वह गांव से पलायन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। वहीं एसडीएम ने मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।