दबंगों ने महिला पर चाकू से किया हमला
धौलाना। अभद्रता का विरोध करने पर बझैडा कला में दबंगों ने घर के दरवाजे पर खडे़ युवक और उसकी विधवा बहन के साथ मारपीट की और महिला को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो दबंग जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मंगलवार देर शाम गांव बझैडा कला में बच्चों के खेलने के दौरान आरोपी पक्ष की एक बच्ची को पीड़ित पक्ष की महिला ने धमकाया दिया था। बच्ची रोती हुई घर पहुंची तो आरोपी पक्ष के लोग आगबबूला हो गए। गुस्से में आरोपी पक्ष के लोगों ने गाली गलौज करते हुए अपने घर के दरवाजे पर खडे़ शहजाद और उसकी बहन के साथ मारपीट कर दी और शहजाद की बहन को चाकू मार दिया। चाकू उसके हाथ में लगा। इसके बाद दबंगों ने दोनों को बेरहमी से पीटा। पिटाई से वह बेहोश हो गई। मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया तो दंबग जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पीड़ित शहजाद पुत्र नवाब ने गांव के निवासी भुटू के लड़के आसिफ, मेहताब, आरिफ के खिलाफ खिलाफ मामला दर्ज कराया है। चौकी प्रभारी सपनावत दल सिंह ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए हैं।