एमबीबीएस की परीक्षा में नकल करते तीन छात्र पकड़े
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज में एमबीबीएस की परीक्षा के दौरान बुधवार को तीन छात्र नकल करते पकड़े गए। उनके पास से नकल की पर्ची भी बरामद की गई। सीसीएसयू और कॉलेज के आंतरिक उड़न दस्ते की संयुक्त कार्रवाई में यह खुलासा हुआ।
एसएसवी पीजी कॉलेज को एमबीबीएस परीक्षा का केंद्र बनाया गया है। बुधवार को सुबह 10 बजे से प्रथम पाली में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों की परीक्षा आयोजित कराई जा रही थी। इसी दौरान सीसीएसयू से आई टीम ने दो छात्रों को पर्ची के जरिए नकल करते पकड़ा। जबकि दूसरी पाली में तृतीय वर्ष के छात्रों की परीक्षा थी। इस परीक्षा में भी एक छात्र नकल करते पकड़ा गया। तीनों छात्रों पर कार्रवाई के बाद से संबंधित मेडिकल कॉलेजों के प्रबंधन में भी अफरातफरी मच गई है। एसएसवी कॉलेज के आंतरिक उड़न दस्ते में शामिल मुख्य नियंता डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि नकल करते पकड़ गए दो छात्र सरस्वती मेडिकल कॉलेज, जबकि एक छात्र जीएस मेडिकल कॉलेज का है।
-----
दो साल पहले भी पकड़े थे एमबीबीएस के छात्र
एसएसवी पीजी कॉलेज में ही दो साल पहले एक ही दिन में करीब 15 छात्रों को माइक्रोचिप के जरिए नकल करते पकड़ा गया था। इसमें सभी छात्रों के बनियान के अंदर ही वायर फिट था और उनके कानों में एक सूक्ष्म चिप लगी हुई थी। जिसे कॉलेज के बाहर बैठे नकल माफिया कंट्रोल कर प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। हालांकि इस मामले में सभी छात्रों को पकड़ लिया गया था जिसके बाद मेडिकल कॉलेजों की काफी किरकिरी भी हुई थी। बड़ा सवाल यह है कि एमबीबीएस जैसी हम परीक्षा में जब छात्र नकल करके पास होंगे तो वह कैसे अपना दायित्व अच्छी तरीके से निभा पाएंगे।