प्रदूषण फैलाने पर पांच फैक्टरियों को नोटिस
धौलाना। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं अग्निशमन विभाग ने मानकों के अनुरूप नहीं चल रही पांच फैक्टरियों को नोटिस भेजे हैं। औद्योगिक क्षेत्र में एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के अंतर्गत औचक निरीक्षण करने पहुंची टीम ने औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के विरुद्घ फैक्टरियां संचालित करने और अग्निशमन विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाणपत्र हासिल किए बगैर उन्हें संचालित करने पर नोटिस दिए हैं।
औद्योगिक क्षेत्र में दो दिन पहले रैपर जलाकर एल्युमिनियम फॉयल निकाल कर सिल्ली बनाने वाली फैक्टरी द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण पर एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कार्रवाई कर संचालक पर 7.50 लाख का जुर्माना लगाया था। एसडीएम द्विवेदी ने बताया कि कोविड-19 के चलते बंद पड़े औद्योगिक प्लांट अब धीरे-धीरे शुरू हो रहे हैं, इसी के साथ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी सक्रिय हो चला है। दरअसल औद्योगिक क्षेत्रों में कई फैक्टरियां प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुरूप नहीं चल रही हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने औचक निरीक्षण में पांच इकाईयों का निरीक्षण किया। जिनमें तीन बंद पाई गईं। पांचों औद्योगिक इकाइयों सुमित स्टील, माव, प्रभु स्टील, जेपीएस, सर्वोकॉन लिमिटेड को अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र लिए बगैर उन्हें संचालित करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभागीय अवर अभियंता रणजीत सिंह ने बताया कि अभियान निरन्तर जारी रहेगा। औद्योगिक क्षेत्र से शिकायत मिल रही थी जिसके आधार पर छापे की कार्यवाही की गई है। साथ ही जो भी फैक्टरी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुरूप नहीं चलेगी उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इस दौरान एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी, सीएफओ मनु शर्मा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अवर अभियंता रणजीत सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह तोमर समेत अन्य उपस्थित रहे।