छापा मारकर दो महिला शराब तस्करों को किया गिरफ्तार
पिलखुवा। आबकारी एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार की रात अवैध शराब के खिलाफ छापा मारा। इस टीम ने अलग अलग दो स्थानों से दो शराब तस्कर महिलाओं को गिरफ्तार किया। टीम ने गिरफ्तार शराब तस्करों के कब्जे से भारी मात्रा में हरियाणा मार्का की अवैध शराब बरामद की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार रात आबकारी निरीक्षक विकास कुमार ने कोतवाली पुलिस को साथ लेकर शहर में अवैध शराब के खिलाफ छापा मारा। इस दौरान टीम ने मोहल्ला संतोकड़ी स्थित एक मकान पर दबिश दी गई। टीम ने महिला बबीता पत्नी राजेन्द्र को एक बोरी से शराब निकालकर बेचते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 77 पव्वे हरियाणा मार्का के बरामद किए। इसके अलावा टीम ने मोहल्ला रजनी विहार से इसी मोहल्ला निवासी बबीता पत्नी कौशल को 63 पव्वे अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार दोनों महिला ने हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश से शराब की तस्करी कर लाने का अपराध स्वीकार किया हैं। दोनों महिलाएं की पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों महिला शराब तस्करों को जेल भेजा गया है।