मेडिकल कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
पिलखुवा। पबला रोड स्थित एक मेडिकल कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड की बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक के परिजनों द्वारा देर शाम तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खेडा निवासी करीब 50 वर्षीय कुशलपाल पुंडीर पबला रोड स्थित एक मेडिकल कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड था। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार की देर रात करीब 11 बजे अचानक कुशलपाल की तबीयत खराब हो गई। इस दौरान वह जमीन पर गिर पड़ा। सिक्योरिटी गार्ड कुशलपाल को मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिक्योरिटी गार्डों ने मामले की सूचना कॉलेज प्रबंधन और कुशलपाल के परिजनों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भिजवाया। इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोट
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।