अहमदपुर नयागांव से सोलर लाइट व बैटरी चोरी
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव अहमदपुर नयागांव में रविवार की रात चोर गांव में लगी सोलर लाइट और बैटरी चोरी कर ले गए। मामले में प्रधान पति ने तहरीर दी है।
प्रधान पति कर्मवीर ने बताया कि गांव में चोरों के आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल है। पिछले दिनों चोर सोलर लाइटों की बैटरी चोरी कर ले गए थे। चोरों के इतने हौसले बुलंद है कि रविवार रात चोर गांव से दो सोलर लाइट और उनकी बैटरी चोरी कर ले गए हैं। इस वारदात से गांव के लोग सहमे हुए हैं। उन्होंने बताया कि चोरी की वारदात कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें चोर सोलर लाइट वह बैटरी चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने हापुड़ एसपी संजीव सुमन से रात में गांव में पुलिस पिकेट लगाने की मांग की हैं। साथ ही जल्द गांव में हुई चोरी का खुलासा करने की भी मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।