नील गाय को बचाने में चक्कर में बाइकों की भिड़ंत, दो की मौत
धौलाना/पिलखुवा। धौलाना गुलावठी मार्ग पर गांव डाहना के पास नील गाय को बचाने के चक्कर में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक युवक की हालत गंभीर है। एक मृत युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धौलाना थाना क्षेत्र के गांव डाहना निवासी राजीव कुमार बाइक द्वारा रविवार को गांव के ही अपने साथी दीपांशु को साथ लेकर किसी काम से गुलावठी जा रहा था। धौलाना गुलावठी मार्ग पर गांव से निकलते ही सड़क पर नील गाय आ गई। इसी बीच सामने से एक बाइक सवार युवक आ रहा था। नील गाय को बचाने के चक्कर में दो बाइकों की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। जिससे तीनों युवक गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने राजीव व दूसरे बाइक सवार युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दीपांशु की हालत गंभीर है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि बाइक चालक दोनों युवकों की मौत हो गई हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए है। उन्होंने बताया कि मृतक राजीव डाहना का रहने वाला था। जबकि दूसरे मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी हैं। शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा हैं।