लूट की सूचना के बाद मौके पर पूछताछ करते कोतवाल नरेश कुमार सिंह।
- फोटो : PILAKHWA
दुकान पर बैठे व्यापारी को दिनदहाड़े बदमाशों ने लूटा
पिलखुवा। दुकान पर बैठे व्यापारी से हथियारों के बल पर कार सवार बदमाशों ने हजारों रुपये की नकदी लूट ली। दिन दहाड़े हाईवे स्थित सरे बाजार हथियारों के बल पर लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस लूट की घटना को फर्जी बताते हुए आपसी लेनदेन का मामला बता रही है।
शहर के वैष्णों कॉलोनी निवासी मनोज अग्रवाल की फ्लाईओवर के नीचे हाईवे पर किराना की दुकान है। मंगलवार को करीब साढ़े तीन बजे जब वह दुकान पर बैठा था तभी वहां कार सवार पांच बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने हथियारों के बल पर गल्ले में रखी हजारों की नकदी लूट ली। पीड़ित व्यापारी ने थाने पर एक कंपनी के एजेंट समेत दो को नामजद कर पांच बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि लूट की घटना फर्जी हैं। दुकानदार द्वारा एजेंट से सामान लिया था। उसी सामान के रुपयों के लेनदेन का मामला है। एजेंट सामान के रुपये लेने दुकान पर गया था, जिसके बाद दोनों में विवाद हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।