गायब हुई युवती बरामद, निकली कोरोना पॉजिटिव
पिलखुवा। एक माह पूर्व संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुई युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया हैं। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया तो कोरोना पॉजिटिव मिली। पुलिस ने युवती को नगर के एक मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन कराया हैं। युवती को बरामद करने वाले पुलिसकर्मियों का भी कोरोना टेस्ट कराया, लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती 12 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। युवती की बरामदगी के लिए परिजन द्वारा आए-दिन थाने के अलावा पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड के पास से युवती को बरामद कर लिया। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया, जहां युवती कोरोना संक्रमित पाई गई। बाद में युवती को बरामद कर लाने वाले पुलिस कर्मियों का भी कोरोना टेस्ट हुआ। हालांकि पुलिसकर्मियों में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।