घायल दुकानदार धर्मेन्द्र कुमार।
- फोटो : PILAKHWA
व्यापारी को ईंटों से पीटकर की लूटपाट
पिलखुवा। बदमाशों ने बीतीरात दुकान बंद कर घर जा रहे व्यापारी को पीटकर उसकी बाइक व नकदी लूट ली। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खेरपुर खैराबाद निवासी धर्मेंद्र कुमार नगर में मिठाई की दुकान करता है। रोज की तरह बुधवार की रात को वह दुकान बंदकर बाइक से घर जा रहा था। बताया कि चंडी मंदिर रास्ता से निकलकर खैरपुर वाले मार्ग पर एक ट्यूबेल के पास दो बदमाशों ने उसकी बाइक रोक ली। इसके बाद बदमाशों ने ईंटों से उसे पीटकर घायल कर दिया और बाइक सहित हजारों रुपये की नकदी लूट ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए हाईवे स्थित नगर के एक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। बताया जाता है कि घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।