चोरी की घटना के 12 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव बझैड़ा खुर्द में पांच ग्रामीणों के मकान का ताला तोड़कर तीन घरों में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। पुलिस चोरों को पकड़ना तो दूर उनका सुराग तक नहीं लगा पाई है।
पिलखुवा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाका में चोरी की वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चोर बेखौफ चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बीते छह अगस्त की रात को चोरों ने गांव बझैड़ा खुर्द निवासी मनोज सिंह उसकी भाभी अनिता, पड़ोसी, आशीष कुमार, अमित और मुकेश के मकानों पर धावा बोल तीन घरों से लाखों रुपये की नगदी सहित आभूषण और सामान चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच साक्ष्य एकत्र किए थे। चोरी की उक्त घटनाओं का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन कर लगाया गया था। घटना के 12 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
----
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान ने बताया कि चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए चार टीमों को लगाया गया है। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।