आधे घंटे की बारिश में शहर जलमग्न, घरों में भरा पानी
पिलखुवा। नगर पालिका परिषद पिलखुवा की सफाई व्यवस्था की पोल शनिवार को खुल गई। आधे घंटे की झमाझम बारिश में सड़कों से लेकर गलियों तक जलभराव हो गया। नाले-नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया। इसके चलते लोग दिनभर परेशान रहे।
लोगों का कहना है कि शहर के सभी नाले-नालियां गंदगी से अटे पड़े हैं। जिसके चलते थोड़ी सी बारिश भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। शनिवार की दोपहर हुई आधा घंटा की बारिश में नगर के नाले और नालियों का मलबा सड़क पर आ गया। इससे नगर पालिका द्वारा सफाई के लिए किये जाने वाले दावों की पोल खुलकर सामने आ गई। बारिश के बाद पूरा शहर जलमग्न हो गया। बारिश के पानी के निकासी की व्यवस्था सही नहीं होने के कारण नगर की प्रमुख सडक़ों पर लगभग एक फिट तक गन्दा पानी भरा खड़ा रहा। नाली और नाले में एकत्र गन्दगी और मलबा बारिश के पानी के साथ शहर की सड़कों पर आ गया। जिससे आने जाने वाले लोगो को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अनिल गर्ग का कहना है कि हर साल नगर पालिका शहर में विकास करने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन जरा सी बारिश होते ही पालिका के दावों की पोल खुल जाती है।
कोट
नगर पालिका चेयरमैन गीता गोयल का कहना है कि उनके द्वारा अधिशासी अधिकारी एवं सफाई निरीक्षक और कर्मियों को शहर के नाले एवं नालियों की सफाई करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।