फीस का नोटिस देने पर अभिभावकों ने किया हंगामा
पिलखुवा। स्कूल प्रबंधन की ओर से फीस जमा करने का नोटिस देने के बाद अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। अभिभावकों ने स्कूल के चेयरमैन का घेराव कर हंगामा किया। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल की ओर से लगातार फीस जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है।
हाईवे स्थित विबग्योर इंटरनेशनल स्कूल में बृहस्पतिवार को अभिभावकों ने हंगामा कर स्कूल चेयरमैन जनार्धन गुप्ता का घेराव किया। अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन कर स्कूल पर फीस जमा करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। अभिभावकों ने कहा कि कोरोना वायरस के चलते स्कूल को बंद हुए लगभग चार माह होने को हैं। स्कूल संचालकों व शिक्षकों द्वारा अध्यनरत छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन क्लास संचालित की जा रही हैं। इस महामारी के दौरान लॉकडाउन के चलते लोगों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। लेकिन ऐसे समय में भी स्कूल संचालकों एवं शिक्षकों द्वारा बच्चों की फीस जमा कराने के लिए अभिभावकों पर दबाव बनाया जा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि ऑनलाइन क्लास सभी बच्चे नहीं ले पा रहे हैं। कछ अभिभावकों के पास तो एंड्रॉयड फोन ही नही है। अभी सब कारोबार बंद है। परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया हैं। अभिभावकों ने सरकार एवं स्कूल प्रबंधन से फीस माफ करने की मांग की है। मौके पर चेयरमैन ने शिक्षकों एवं सहयोगियों के साथ बैठक कर उक्त समस्या को लेकर बात करने का आश्वासन देकर अभिभावकों का प्रदर्शन समाप्त कराया। इस दौरान घेराव करने वालों में विक्रांत शर्मा, अनुराग शर्मा, सुशील गोयल, रितेश गर्ग, नवीन गर्ग, सौरभ, कामिल, संदीप कुमार, मनोज गर्ग, मनीष गोयल, सोनू रोहिल्ला, मनीष आदि अभिभावक मौजूद रहे।
कोट
स्कूल की प्रधानाचार्या छाया अग्रवाल का कहना है कि लगाए गए आरोप निराधार है। वह सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कार्य कर रहे हैं।